बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी जिला न्यायालय में शुक्रवार सुबह एक हैरान कर देने वाला घटनाक्रम देखने को मिला, जब एक मध्यम आयु की महिला अचानक अदालत कक्ष में पहुंचकर जिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को न्यायाधीश घोषित कर दिया। इस घटना से अदालत परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला ने न्यायाधीश की कुर्सी संभालने के बाद सुनवाई शुरू करने की कोशिश की। बताया जाता है कि उसने हथौड़ा उठाकर मेज पर कई बार प्रहार किया और कहा, “ऑर्डर-ऑर्डर... आज मैं जिला जज हूं, गवाह और सबूत मेरे सामने पेश किए जाएं।”
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह अवकाश पर थे। महिला अदालत में पहुंची, कर्मचारियों से जज के आने का समय पूछा और फिर सीधे मंच पर जाकर न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई। इस दौरान उसने टेबल पर रखी कई केस फाइलें भी पलटकर देखीं।
अदालत के कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने महिला को समझाने और कुर्सी से हटाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद कैंट थाना पुलिस, महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर अदालत कक्ष खाली कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बाद में बताया कि महिला का व्यवहार मानसिक अस्वस्थता की ओर संकेत कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद अदालत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है कि महिला सुरक्षा जांच पार कर अदालत कक्ष तक कैसे पहुंच गई।
स्थानीय अधिवक्ताओं का दावा है कि संबंधित महिला पहले भी इसी तरह न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ चुकी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।